Pages

Showing posts with label वसंत / एकांत श्रीवास्तव. Show all posts
Showing posts with label वसंत / एकांत श्रीवास्तव. Show all posts

Friday, January 31, 2014

वसंत / एकांत श्रीवास्तव

वसंत आ रहा है
जैसे माँण की सूखी छातियों में
आ रहा हो दूध

माघ की एक उदास दोपहरी में
गेंदे के फूल की हँसी-सा
वसंत आ रहा है

वसंत का आना
तुम्हारी आँखों में
धान की सुनहली उजास का
फैल जाना है

काँस के फूलों से भरे
हमारे सपनों के जंगल में
रंगीन चिड़ियों का लौट जाना है
वसंत का आना

वसंत हँसेगा
गाँव की हर खपरैल पर
लौकियों से लदी बेल की तरह
और गोबर से लीपे
हमारे घरों की महक बनकर उठेगा

वसंत यानी बरसों बाद मिले
एक प्यारे दोस्त की धौल
हमारी पीठ पर

वसंत यानी एक अदद दाना
हर पक्षी की चोंच में दबा
वे इसे ले जाएँगे
हमसे भी बहुत पहले
दुनिया के दूसरे कोने तक ।

एकान्त श्रीवास्तव