Pages

Showing posts with label परीशाँ हो गया दिल. Show all posts
Showing posts with label परीशाँ हो गया दिल. Show all posts

Sunday, November 10, 2013

परीशाँ हो गया दिल,ज़हन में अंजाम आते ही / ओम प्रकाश नदीम

परीशाँ हो गया दिल, ज़हन में अंजाम आते ही ।
चले जाएँगे चारागर, मुझे आराम आते ही ।

बड़े पुरअम्न लहजे में मुख़ातिब थी दिए की लौ,
भड़क उट्ठी मेरे लब पर हवा का नाम आते ही ।

पुकारा चीख़ कर फ़ौरन उसे वक्ती ज़रूरत ने,
हमारी बेनियाज़ी की तरफ़ दो गाम आते ही ।

अगर ये फूल बदनामी के मुरझा भी गए तो क्या,
नए गुल फिर खिला देगा कोई गुलफ़ाम आते ही ।

नया पौदा उगाने में अगर मिट भी गए तो क्या,
उसी के बीज थे जब हम तो उसके काम आते ही ।

अदब-अख्लाक़ के सब तोड़ डाले उसने पैमाने,
हमारी प्यास की जानिब दुबारा जाम आते ही ।

ओम प्रकाश नदीम