Pages

Tuesday, February 4, 2014

वो देखता नहीं कि इधर देखता नहीं / कांतिमोहन 'सोज़'

वो देखता नहीं कि इधर देखता नहीं I
ईमान की तो ये है मुझे कुछ पता नहीं II

आतिश नहीं तो उसकी कोई बात ही चले,
उसके बग़ैर शेर मुझे सूझता नहीं I

हाँ गर्दिशे-मुदाम से घबरा गया था मैं,
आख़िर मैं आदमी था कोई देवता नहीं I

पलकों से जिसके खार चुने मैंने उम्र भर,
वो रहगुज़र थी उसकी मेरा रास्ता नहीं I

कहता हूँ आजकल उसे फ़ुर्सत कहां मियाँ,
कैसे कहूँ कि उससे मेरा वास्ता नहीं I

वो संगे-दर था उसका नज़र बारहा गई,
गो मुड़के देखने से कोई फ़ायदा नहीं I

महफ़िल से उठ चला है ख़मोशी के साथ सोज़,
क्या झूट बोलना कि अभी दिल भरा नहीं I

अपनों को दुःख है ग़म का मुदावा न कर सके,
ग़ैरों को कोफ़्त है कि तमाशा हुआ नहीं II

कांतिमोहन 'सोज़'

0 comments :

Post a Comment